Sun. Mar 15th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब धारानौला बस स्टैंड पर खड़ी एक यात्री बस को एक संदिग्ध युवक अचानक स्टार्ट कर लेकर भाग गया। बस में यात्री सवार थे और किसी को अंदाजा नहीं था कि स्टेयरिंग पर बैठा व्यक्ति असल में बस का चालक नहीं है। गनीमत रही कि अल्मोड़ा पुलिस के एक सिपाही की तत्परता से समय रहते बस का पीछा कर उसे रोक लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी जाने के लिए एक यात्री बस धारानौला स्टैंड पर यात्रियों का इंतजार कर रही थी। बस में पांच यात्री पहले से बैठे हुए थे। इसी दौरान बस के चालक और परिचालक पास के एक होटल में खाना खाने चले गए और जल्दबाजी में बस की चाबी अंदर ही छोड़ गए।
इसी मौके का फायदा उठाते हुए अब्दुल अमीर खान (28 वर्ष) निवासी भवाली बस में घुस गया और चालक की सीट पर बैठकर बस को तेजी से हल्द्वानी रोड की ओर दौड़ा दिया। अचानक बस के चलने से यात्रियों में घबराहट फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ने तुरंत बस का पीछा किया और कुछ ही दूरी पर बस को रुकवा लिया। पुलिस की सतर्कता से बड़ा हादसा होने से बच गया। इसके बाद युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।