जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
कैंची धाम के दर्शन की आस में निकले पांच दोस्तों की कार 200 मीटर गहरी खाई में गिरी,
नैनीताल बाबा नीब करौरी के पवित्र धाम कैंची धाम में दर्शन करने की इच्छा लेकर नैनीताल पहुंचे बरेली के पांच दोस्तों की खुशियां देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में मातम में बदल गईं। निगलाट के समीप उनकी स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार चला रहे 29 वर्षीय युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी पांच दोस्त बुधवार शाम स्विफ्ट डिजायर कार संख्या (UP 25 EJ 4586) से नैनीताल घूमने पहुंचे थे। 12 नवंबर की मध्य रात्रि सभी दोस्त नैनीताल से बाबा नीब करौरी के दर्शन के लिए कैंची धाम रवाना हुए। इसी दौरान निगलाट क्षेत्र के पास अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे के बाद खाई से घायलों की चीख-पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। खाई करीब 200 मीटर गहरी होने और रास्ता बेहद दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा।
खैरना पोस्ट से उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में पहुंची एसडीआरएफ टीम ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया। हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायलों को खाई से बाहर निकालने के लिए टीम ने अभियान चलाया।
कैंची धाम में दर्शन की उम्मीद लेकर निकले दोस्तों के इस सफर का दर्दनाक अंत पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
