Sat. Oct 24th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा भारी बारिश की चेतावनी के दृष्टिगत जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शनिवार को समस्त उपजिलाधिकारियों एवं नगर आयुक्त के साथ बैठक कर जनपद में आपदा प्रबंधन की तैयारियों और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहते हुए अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भूस्खलन संभावित क्षेत्रों, संवेदनशील मार्गों और अन्य जोखिम वाले स्थानों पर नियमित निगरानी रखने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जोखिम की आशंका वाले भवनों का समय रहते आकलन किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर ऐसे भवनों को तत्काल खाली कराकर प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुरक्षा के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए।
सड़कों की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाए रखने तथा मार्गों की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी सड़क के अवरुद्ध होने की स्थिति में उसे तत्काल खोलने के लिए आवश्यक मशीनरी एवं संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाने और मार्गों की स्थिति की जानकारी समय से उपलब्ध कराने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने तथा किसी भी घटना की सूचना तत्काल जिला आपदा प्रबंधन तंत्र को देने के निर्देश दिए, ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार का विलंब न हो। उन्होंने स्थानीय स्तर से प्राप्त सूचनाओं पर तत्काल संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को भी कहा।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, उपजिलाधिकारी जसमीत कौर एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल उपस्थित रहे। अन्य सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।