Sun. Jun 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

देहरादून। उत्तराखंड शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और प्रांतीय पुलिस सेवा (PPS) के अधिकारियों के पदस्थापन में व्यापक फेरबदल करते हुए कई अधिकारियों को नई तैनाती दी है। इस बदलाव को जनहित और रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है। स्थानांतरण आदेश गृह विभाग के सचिव शैलेश बगौली द्वारा जारी किए गए। आईपीएस के अंतर्गत, धीरेन्द्र गुंज्याल को बाध्य प्रतीक्षा से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक, कारागार बनाया गया है। वहीं, यशवंत सिंह, जो सहायक पुलिस महानिरीक्षक, कारागार के साथ पुलिस अधीक्षक, सीआईडी का कार्यभार संभाल रहे थे, अब पूर्ण रूप से पुलिस अधीक्षक, सीआईडी के पद पर तैनात किए गए हैं।


इसके अलावा, पुलिस अधीक्षक, उत्तरकाशी के पद पर कार्यरत अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय अभिसूचना बनाया गया है। ममता बोहरा, जो पहले क्षेत्रीय अभिसूचना में पुलिस अधीक्षक थीं, को पुलिस मुख्यालय स्थानांतरित किया गया है। वहीं, सरिता डोभाल को पुलिस अधीक्षक, रेलवे से स्थानांतरित कर पुलिस अधीक्षक, उत्तरकाशी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।