जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा बैडमिंटन प्रतियोगिता में अल्मोड़ा के नन्हे शटलरों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-11 वर्ग में एकल और युगल दोनों खिताब अपने नाम किए। अल्मोड़ा के नितांत गोपाल रावत ने अंडर-11 बालक एकल वर्ग का खिताब जीता, जबकि नितांत गोपाल रावत और नैतिक जोशी की जोड़ी ने युगल वर्ग में विजेता बनकर जनपद का नाम रोशन किया।
अंडर-11 बालक एकल वर्ग के सेमीफाइनल में अल्मोड़ा के नैतिक जोशी ने हरिद्वार के कबीर यादव को 15-8, 17-15 से तथा नितांत गोपाल रावत ने नैनीताल के सिद्धांत नेगी को 15-6, 15-11 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबले में नितांत गोपाल रावत ने अपने ही जनपद के नैतिक जोशी को कड़े मुकाबले में 17-15, 11-15, 15-11 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-11 बालक युगल वर्ग में नितांत गोपाल रावत और नैतिक जोशी की अल्मोड़ा की जोड़ी ने सेमीफाइनल में देहरादून के कुशाग्र डबराल और विवान गुलवान की जोड़ी को 15-8, 15-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। फाइनल में अल्मोड़ा की इस जोड़ी ने हरिद्वार के कबीर यादव और अर्नव बिष्ट की जोड़ी को 15-10, 15-7 से पराजित कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
अंडर-13 बालक एकल वर्ग में भी अल्मोड़ा के नैतिक जोशी ने शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि सेमीफाइनल में उन्हें देहरादून के हर्षित बिष्ट के हाथों 15-11, 15-8 से हार का सामना करना पड़ा और उन्हें कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। अंडर-13 बालक युगल वर्ग में नैतिक जोशी और नितांत गोपाल रावत की जोड़ी को देहरादून के अतुल्य सकलानी और विहान तिवारी की जोड़ी से हार के बाद कांस्य पदक प्राप्त हुआ।
अंडर-11 बालिका युगल वर्ग में अल्मोड़ा की वंशिका पंत और प्रियांशी गोस्वामी की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन किया और कांस्य पदक हासिल किया। वहीं बालिका एकल वर्ग में देहरादून की अद्विका मेहर ने अल्मोड़ा की प्रियांशी गोस्वामी को 15-10, 15-8 से हराकर उन्हें कांस्य पदक तक सीमित किया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में हरिद्वार के जिलाधिकारी एवं उत्तराखंड बैडमिंटन संघ के सचिव बी.एस. मनकोटी ने विजेता और पदक विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए। उन्होंने नन्हे शटलरों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया।
अल्मोड़ा के खिलाड़ियों की इस सफलता पर कोच जीवन सिंह बोरा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन को उत्साहजनक बताया।
