Sun. Mar 15th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंसुल सिंह ने शनिवार देर रात्रि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का औचक निरीक्षण कर वहां संचालित व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली तथा कार्यों को प्रभावी और त्वरित ढंग से संपादित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से एलपीजी गैस आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के लिए स्थापित नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने नियंत्रण कक्ष में प्राप्त हो रही शिकायतों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि नियंत्रण कक्ष में प्राप्त होने वाली सभी सूचनाओं और शिकायतों का विधिवत अभिलेखीकरण किया जाए तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्रा एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल भी उपस्थित रहे।