Fri. Oct 16th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत संचालित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत विकासखंड धौलादेवी की न्याय पंचायत भनोली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख लीला बिष्ट की उपस्थिति में आयोजित शिविर में कुल 325 लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं के माध्यम से 235 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।

शिविर में क्षेत्रीय लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 46 शिकायत पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 31 का निस्तारण किया गया। इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं विभागीय सेवाओं से संबंधित 94 आवेदन प्राप्त हुए तथा लोगों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

जनसमस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

शिविर में परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों एवं जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

विभिन्न विभागों ने लगाए स्टॉल

शिविर में ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने और विभागीय सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इनमें ग्राम्य विकास, पंचायती राज, बाल विकास, शिक्षा, पशुपालन, डेयरी विकास, होम्योपैथी, आयुर्वेद एवं यूनानी, पर्यटन, सैनिक कल्याण, पुलिस, स्वजल, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, वन, समाज कल्याण, सहकारिता, उद्योग, राजस्व, उद्यान, सिंचाई, जल निगम, जलागम, लघु सिंचाई, उरेडा, लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, ग्रामीण निर्माण विभाग, श्रम एवं महिला कल्याण सहित विभिन्न विभाग शामिल रहे।

इसके अलावा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामीण उद्यम वेग परियोजना के तहत स्थानीय उत्पादों की बिक्री के लिए भी स्टॉल लगाए गए। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही संबंधित विभागों की सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

इस अवसर पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख पीताम्बर पांडे, खंड विकास अधिकारी धौलादेवी ममता कार्की, तहसीलदार ज्योति धपवाल, मोहन सिंगवाल, पूरन बिष्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।