जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अंतरराष्ट्रीय महिला किसान दिवस के अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र मटेला में कृषि विभाग की ओर से आत्मा योजना के अंतर्गत कृषक–वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। कार्यक्रम में 100 से अधिक महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दर्जा राज्य मंत्री एवं राज्य महिला उद्यमिता परिषद की उपाध्यक्ष गंगा बिष्ट ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला कृषकों को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कृषि, उद्यान, पशुपालन, रेशम, मत्स्य पालन और डेयरी जैसे क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी एवं योगदान को सम्मान दिया।
कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों और कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिकों ने महिला कृषकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और वैज्ञानिक खेती के तरीकों की जानकारी दी। कृषक–वैज्ञानिक संवाद के माध्यम से महिला किसानों की कृषि संबंधी जिज्ञासाओं पर चर्चा की गई तथा खेती और उससे जुड़ी गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपयोगी जानकारियां साझा की गईं।
कार्यक्रम में मुख्य कृषि अधिकारी विजय प्रकाश मौर्य, मुख्य उद्यान अधिकारी, सहायक निदेशक डेयरी, कृषि विज्ञान केंद्र मटेला के प्रभारी अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, वैज्ञानिक और महिला कृषक उपस्थित रहीं।
