Wed. Oct 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सांस्कृतिक नगरी अल्मोड़ा की ऐतिहासिक श्री नंदादेवी रामलीला के दूसरे दिन रामायण के विभिन्न प्रसंगों का शानदार मंचन किया गया। विश्वामित्र-दशरथ संवाद, ताड़िका प्रसंग, ताड़िका-सुबाहु वध, मारीच प्रसंग, अहिल्या उद्धार और गौरी पूजन की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से ताड़िका का जीवंत अभिनय आकर्षण का केंद्र रहा। कमेटी के सचिव एवं नंदादेवी वार्ड पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट ने ताड़िका के पात्र में दमदार अभिनय कर खूब तालियां बटोरीं। रामलीला देखने के लिए मंदिर प्रांगण में दर्शकों की भारी भीड़ जुटी।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, पूर्व अल्मोड़ा अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष आनंद सिंह बगड़वाल तथा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

राम स्तुति और सरस्वती वंदना ने बांधा समां

रामलीला की शुरुआत श्रीराम स्तुति से हुई। काव्या पाठक ने सुंदर नृत्य के जरिए भगवान श्रीराम का मनमोहक चित्रण किया। इसके बाद बच्चों ने वरिष्ठ रंगकर्मी और कवि नवीन बिष्ट द्वारा रचित, स्वर्गीय महावीर प्रसाद के संगीत से सजी सरस्वती वंदना पेश की। सरस्वती का किरदार जीविका ने निभाया। सरस्वती वंदना में हर्षिता पांडे, मानवी बोरा, नीतू मावड़ी, कनिष्का पांडे, सृष्टि उप्रेती, वेदांशी गोस्वामी और छवि पांडे ने हिस्सा लिया।

कलाकारों के अभिनय ने जीता दर्शकों का दिल

रामलीला में दशरथ की भूमिका वरिष्ठ रंगकर्मी नवीन बिष्ट, विश्वामित्र की राजेंद्र रौतेला, राम की द्रोण नेगी, लक्ष्मण की अविरल जोशी, ताड़िका की अर्जुन सिंह बिष्ट, सुबाहु की मुरलीधर कांडपाल, मारीच की संजय जोशी, अहिल्या की मीनाक्षी हरबोला और गौरी की कामाक्षी पांडे ने निभाई। सीता की सहेलियों के रूप में हर्षिता पांडे, मानवी बोरा, नीतू मावड़ी, कनिष्का पांडे, सृष्टि उप्रेती, वेदांशी गोस्वामी और छवि पांडे ने अभिनय किया।

संगीत में हारमोनियम पर राजन नयाल और तबले पर शेखर सिजवाली ने साथ दिया। कलाकारों का मेकअप दानिश और राजू शर्मा ने किया। मंच पूजन नंदादेवी मंदिर के मुख्य पुजारी तारा दत्त जोशी और जीवन पाठक ने कराया।

भव्य मंच सज्जा ने बढ़ाई रामलीला की शोभा

मंच सजाने में अतुल वर्मा, महेंद्र बिष्ट, संदीप साह, राजकुमार बिष्ट, कविश अरोरा, जगदीश बिष्ट, जगदीश भंडारी, लोकेश तिवारी और पंत ने अहम योगदान दिया। कलाकारों के लिए दशरथ दरबार और ताड़िका के दृश्य को आकर्षक तरीके से तैयार किया गया, जिससे रामलीला की भव्यता और बढ़ गई।

पर्दे के पीछे रामलीला के निर्देशक गणेश मेर ने कलाकारों को क्रम से मंच पर भेजने की जिम्मेदारी संभाली। चंद्र मोहन परगाई ने कलाकारों को तैयार करने में मदद की। मंचन का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण नमन बिष्ट ने किया।

अतिथियों को भेंट की राम प्रसादी

इस मौके पर रामलीला कमेटी के अध्यक्ष और लाला बाजार वार्ड पार्षद कुलदीप सिंह मेर, महेंद्र बिष्ट और सह संयोजक संजय साह ने अतिथियों को राम प्रसादी भेंट की। कार्यक्रम का संचालन रामलीला कमेटी के निर्देशक परितोष जोशी ने किया।

मां नंदादेवी मंदिर प्रांगण में पहुंचे दर्शकों को व्यवस्थित तरीके से बैठाने में राजेश पालनी, कमेटी के कोषाध्यक्ष धनंजय साह, दिनेश जोशी, मानवेंद्र साह, सुमित साह, वरुण साह और परीक्षित साह ने सहयोग किया।

कार्यक्रम में नंदादेवी मंदिर कमेटी के अध्यक्ष मनोज वर्मा, उपाध्यक्ष एवं महानगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारा चंद्र जोशी, रामलीला कमेटी के संयोजक प्रकाश पांडे, हरीश बिष्ट, अनिल सनवाल, हरि विनोद साह, शशि मोहन पांडे, सारांश मुंगली, हिमांशु परगाई, अमित उप्रेती, आयुष वर्मा, प्रेम, पूनम पाठक, संगीता पांडे, सुमन सनवाल, भावना पांडे, सरिता नेगी, दीक्षा हरबोला, मोहन भंडारी और राहुल साह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।