जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट अनिवार्य करने को लेकर अल्मोड़ा पुलिस की ओर से दी गई चेतावनी का 23 नवंबर को सड़कों पर कोई खास असर दिखाई नहीं दिया। पुलिस की सख्ती और कार्रवाई की चेतावनी के बावजूद शहर की सड़कों पर यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ती नजर आईं।
शहर में कहीं दोपहिया वाहन चालक अकेले हेलमेट पहने दिखाई दिए तो पीछे बैठे व्यक्ति के सिर पर हेलमेट नदारद था। वहीं कई वाहन चालक बिना हेलमेट के ही बेखौफ सड़कों पर फर्राटा भरते नजर आए। ऐसे नजारे पुलिस की यातायात व्यवस्था और जागरूकता अभियान पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
सवाल यह है कि जब पुलिस ने 23 नवंबर से डबल हेलमेट नियम को लेकर स्पष्ट चेतावनी जारी की थी, तो फिर सड़कों पर इसका पालन सुनिश्चित क्यों नहीं हो पाया? क्या पुलिस की चेतावनी केवल प्रचार तक सीमित रह गई है या फिर नियम तोड़ने वालों में कार्रवाई का कोई भय ही नहीं है?
दुर्घटनाओं में दोपहिया वाहन सवारों की जान बचाने के लिए हेलमेट बेहद जरूरी है। इसके बावजूद नियमों को हल्के में लेना किसी भी समय जानलेवा साबित हो सकता है। पुलिस को केवल चेतावनी जारी करने तक सीमित रहने के बजाय शहर के प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों पर नियमित चेकिंग अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी होगी।
अब देखना यह है कि अल्मोड़ा पुलिस यातायात नियमों का पालन कराने के लिए वास्तव में मैदान में उतरती है या फिर डबल हेलमेट की चेतावनी भी अन्य अभियानों की तरह कागजों तक ही सिमटकर रह जाती है।
