Sat. Nov 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने सोशल मीडिया के माध्यम से संगठन की मजबूती और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है। इसी क्रम में भाजपा जिला अल्मोड़ा की जिला स्तरीय सोशल मीडिया बैठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय पातालदेवी में आयोजित की गई। बैठक में विधानसभा चुनाव प्रदेश सह प्रभारी सोशल मीडिया सोमेश पांडे ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए सोशल मीडिया को चुनावी सफलता का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। मंच पर मुख्य वक्ता सोमेश पांडे, प्रदेश मीडिया सह संयोजक गांधार अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल, सोशल मीडिया जिला संयोजक कृपाल बिष्ट, सह संयोजक मदन सिंह बिष्ट एवं आईटी संयोजक गोविंद मठपाल उपस्थित रहे। जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं पटका पहनाकर स्वागत किया।
प्रदेश मीडिया सह संयोजक गांधार अग्रवाल ने कहा कि भाजपा सरकार की लोककल्याणकारी नीतियों, जनहितकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। सोशल मीडिया आज सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के सामने रखने का सशक्त माध्यम बन चुका है। ऐसे में कार्यकर्ताओं को सकारात्मक, तथ्यपरक एवं प्रभावशाली सामग्री के जरिए संगठन की विचारधारा और सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाना चाहिए।
मुख्य वक्ता सोमेश पांडे ने कहा कि सोशल मीडिया की ताकत को पहचानते हुए इसका अधिकतम उपयोग संगठन को मजबूत बनाने और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने में करना होगा। उत्तराखंड में हुए विकास कार्यों और सकारात्मक बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाने में सोशल मीडिया महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
उन्होंने कहा कि “चरैवेति-चरैवेति, चलते रहो, चलते रहो” हमारा मंत्र है। निरंतर सक्रियता, परिश्रम और संगठन के प्रति समर्पण ही कार्यकर्ताओं की पहचान है। उन्होंने कहा कि आज का दौर कंटेंट का दौर है। प्रभावशाली, सकारात्मक और तथ्यपरक कंटेंट के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों एवं संगठन के विचारों को जनता तक पहुंचाकर आगामी विधानसभा चुनाव में सोशल मीडिया को संगठन की बड़ी ताकत बनाया जा सकता है।
सोमेश पांडे ने लाभार्थियों से सीधा संपर्क स्थापित करने तथा सरकार की योजनाओं से मिले लाभ और उनके अनुभवों को सोशल मीडिया के माध्यम से सामने लाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर आयोजित होने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों को डिजिटल मंचों के जरिए प्रदेश एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई जानी चाहिए। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं के लिए सरकार द्वारा किए गए कार्यों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को कंटेंट निर्माण, जनसंवाद, सोशल मीडिया के बेहतर उपयोग और संगठनात्मक गतिविधियों को डिजिटल मंचों पर प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक का संचालन भाजपा जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर आशीष अधिकारी, दिनेश जोशी, मनीष जोशी, प्रदीप नगरकोटी, चंदन रावत, भुवन जोशी, गौरव कांडपाल, गोकुल सिंह कनवाल, पारस कांडपाल, दीक्षांत पवार, गुरमीत सिंह, भागवत सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।