Wed. Nov 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा ग्राम्य विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक पात्र ग्रामीण तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। यह निर्देश मुख्य विकास अधिकारी अनामिका ने बुधवार को विकास भवन सभागार में आयोजित ग्राम्य विकास विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने विकासखंडों में योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करें। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें।

सीडीओ ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक पात्र ग्रामीण तक उसका लाभ पहुंचेगा। इसके लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने विकासखंड स्तर पर योजनाओं की नियमित निगरानी करने तथा जिन योजनाओं में प्रगति धीमी है, उनमें विशेष प्रयास कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि योजनाओं की प्रगति में सुधार और निर्धारित लक्ष्यों की समय पर पूर्ति अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी सहित जनपद के सभी विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी उपस्थित रहे।