जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जौलजीबी मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विधायक हरीश धामी की कथित अभद्रता, तीखी बहस और कार्यक्रम स्थल पर मंच में तोड़फोड़ के विरोध में भाजपा अल्मोड़ा ने चौघानपाटा में जोरदार प्रदर्शन कर पुतला दहन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए घटना पर आक्रोश जताया और संबंधित प्रकरण में उचित कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक कैलाश शर्मा ने कहा कि जौलजीबी जैसा ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित मेला उत्तराखंड की सांस्कृतिक एवं सामाजिक पहचान से जुड़ा है। ऐसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक आयोजन में मुख्यमंत्री और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार तथा मंच पर तोड़फोड़ की घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश के संवैधानिक प्रमुख हैं और उनके पद की गरिमा का सम्मान करना सभी की जिम्मेदारी है। लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद और विरोध का अधिकार है, लेकिन इसे व्यक्त करने के लिए मर्यादित एवं लोकतांत्रिक तरीका अपनाया जाना चाहिए।
पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला ने कहा कि जौलजीबी मेले में हुई घटना प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक मर्यादाओं से जुड़ा गंभीर विषय है। सार्वजनिक मंच पर मुख्यमंत्री के साथ तीखी बहस और मंच को नुकसान पहुंचाने की घटना से मेले की गरिमा प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन संवैधानिक मर्यादाओं और सार्वजनिक शिष्टाचार का पालन करना भी आवश्यक है।
भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड की राजनीतिक संस्कृति आपसी सम्मान, संवाद और शालीनता की रही है। सार्वजनिक मंचों पर इस तरह की घटनाएं स्वस्थ लोकतांत्रिक परंपराओं के अनुरूप नहीं हैं। पार्टी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए संबंधित मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
इस अवसर पर पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, दर्जा धारी गोविन्द पिलख्वाल, पूर्व जिलाध्यक्ष रवि रौतेला, जिला महामंत्री प्रकाश भट्ट, दर्शन रावत, नगर अध्यक्ष विनीत बिष्ट सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन में संदीप श्रीवास्तव, अतुल शाह, जगदीश चौहान, कृष्ण बहादुर, जगमोहन बिष्ट, चंदन बहुगुणा, अमित साह, अभिषेक जोशी, राजिक अली, आशीष जोशी, देवाशीष नेगी, विपिन सिंह, मनोज सनवाल, सुशील कुमार, रमेश नेगी, मनोज तिवारी, आशीष गुप्ता, सुधीर कुमार, जगत भट्ट, रमेश मेर, आशीष गुरुरानी, त्रिलोक भंडारी, शुभम रौतेला, दीपक उप्रेती, जगदीश नगरकोटी, नीरज सांगा, भागवत कुमार, संजय सिजवाली, संजय जोशी, हिमाल शर्मा, भावना कुमार, तपन, हिमांशु भट्ट, दिव्या जोशी, दिनेश मठपाल सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
