जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
बेटियों की सुरक्षा पर सरकार से मांगा जवाब, गोपाल भट्ट बोले– महिला सुरक्षा के दावों की खुली पोल
अल्मोड़ा हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर युवा कांग्रेस अल्मोड़ा ने शनिवार को चौघानपाटा में भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला दहन कर प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
इस अवसर पर युवा कांग्रेस उत्तराखंड के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले दस वर्षों में उत्तराखंड के प्रत्येक जिले से महिला अपराधों के गंभीर मामले सामने आए हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसे कई मामलों में भाजपा और उससे जुड़े संगठनों के लोगों के नाम सामने आए हैं। सरकार को इन मामलों में अपनी जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक ओर पूरा प्रदेश अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका की निष्पक्ष जांच और दोषियों को सजा दिलाने की मांग कर रहा है, वहीं दूसरी ओर सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने में लगी है। प्रदेश की युवा पीढ़ी, महिलाएं, किसान और छात्र अब सरकार की कार्यशैली तथा सत्ता के कथित दुरुपयोग को समझ चुके हैं। आने वाले समय में प्रदेश की जागरूक जनता भाजपा को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
गोपाल भट्ट ने कहा कि हल्द्वानी की घटना ने भाजपा शासन में महिला सुरक्षा को लेकर किए जा रहे दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जब प्रदेश में बेटियां ही सुरक्षित नहीं हैं तो महिला सुरक्षा के बड़े-बड़े दावों का क्या औचित्य रह जाता है? उन्होंने कहा कि भाजपा को दूसरों को उपदेश देने से पहले अपने राजनीतिक और संगठनात्मक संरक्षण से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
उन्होंने हल्द्वानी में नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म के मामले में भाजपा से जुड़े छात्र संगठन एबीवीपी के छात्रसंघ अध्यक्ष पद के प्रत्याशी समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की खबर को गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि यह प्रकरण प्रदेश की कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा की स्थिति पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
युवा कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। सभी आरोपियों के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई हो तथा पीड़िता को तत्काल सुरक्षा, न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस विक्रम सिंह फर्त्याल ने कहा कि बेटियों की सुरक्षा पर केवल चुनावी नारे नहीं, बल्कि ठोस जवाब और प्रभावी कार्रवाई चाहिए। कानून सबके लिए समान होना चाहिए, चाहे आरोपी किसी भी राजनीतिक दल या संगठन से जुड़ा हो। पीड़िता को न्याय मिलना चाहिए, न कि आरोपियों को किसी प्रकार का राजनीतिक संरक्षण।
प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गोपाल भट्ट, जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह फर्त्याल, जिला उपाध्यक्ष संतोष कुमार, जिला सचिव अमन लटवाल, जिला उपाध्यक्ष रोहित पंत, नगर अध्यक्ष गौरव जोशी, प्रदेश सचिव कांग्रेस कमेटी किरन आर्या, जिला महासचिव पारस डसिला, तनुजा आर्या, कांग्रेस नेता जगदीश पांडे सहित युवा कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय युवा उपस्थित रहे।
