Fri. Nov 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड


हल्द्वानी छठ पूजा कार्यक्रम-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस ने शहर का यातायात एवं डायवर्जन प्लान जारी कर दिया है। यह व्यवस्था 15 नवंबर 2026 को दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक तथा 16 नवंबर को सुबह 4 बजे से 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान शहर के विभिन्न मार्गों पर वाहनों का रूट डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

रामपुर रोड से आने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग

रामपुर रोड से हल्द्वानी शहर की ओर आने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों, रोडवेज और निजी बसों को गन्ना सेंटर तिराहे से डायवर्ट कर गौरापड़ाव और तीनपानी के रास्ते भेजा जाएगा। पंचायतघर तिराहे से आने वाले वाहन आनंदपुर तिराहा, आरटीओ रोड, चड़ायल चौराहा, सेंट्रल अस्पताल तिराहा और लालढांठ तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

इसी तरह शीतल होटल तिराहे से वाहनों को डायवर्ट कर तीनपानी तिराहे से भेजा जाएगा। टीपी नगर तिराहे से आने वाले वाहन सतवाल पेट्रोल पंप तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से होकर अपने गंतव्य तक जाएंगे।

शहर से रामपुर रोड जाने वालों का भी बदलेगा रूट

हल्द्वानी शहर से रामपुर रोड की ओर जाने वाले दोपहिया, चौपहिया वाहनों, रोडवेज और निजी बसों को सिंधी चौराहे से डायवर्ट कर मंगलपड़ाव, गांधी इंटर कॉलेज तिराहा और होंडा शोरूम तिराहे से भेजा जाएगा। अन्य वाहनों को एफटीआई तिराहे से डायवर्ट कर गांधी इंटर कॉलेज तिराहे की ओर भेजा जाएगा।

वहीं पीलीकोठी तिराहा, मुखानी चौराहा और जेल रोड तिराहे से आईटीआई तिराहे होते हुए सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर आने वाले वाहनों को जी मॉल से रणवीर गार्डन और देवलचौड़ तिराहे के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।

इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित

यातायात प्लान के तहत फायर स्टेशन तिराहे से राज पैलेस होटल तिराहे की ओर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। कैंसर अस्पताल तिराहे और एफटीआई तिराहे से सुशीला तिवारी अस्पताल की ओर भी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा। इसके अलावा टीपी नगर तिराहे से एफटीआई तिराहे के बीच सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दूध, तेल, गैस और सब्जी जैसी अति आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन भी आवागमन के दौरान बाईपास मार्गों का ही इस्तेमाल करेंगे। टीपी नगर तिराहे से एफटीआई तिराहे के बीच किसी भी वाहन को आने-जाने की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस की अपील

पुलिस ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से अपील की है कि छठ पूजा के दौरान जारी यातायात प्लान का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही प्रयोग करें। अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों की ओर न जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।