जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
नैनीताल जनपद के मुखानी क्षेत्र में नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आने के बाद नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को महज छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी शहर में चर्चित बताए जा रहे ITI गैंग के सदस्य हैं। मामले में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात पीड़िता के परिजनों ने कोतवाली मुखानी में तहरीर देकर आरोप लगाया कि चार युवकों ने उनकी नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने और बहला-फुसलाकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एसएसपी के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद चारों आरोपियों धीरज बिष्ट, नितिन पाल, अंश खत्री और हिमांशु गोनी को घटना के छह घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पूरी कार्रवाई की एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी स्वयं निगरानी कर रहे थे। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को महिला एवं बालिका सुरक्षा के प्रति सख्त रुख के रूप में देखा जा रहा है।
बाल अपराधों पर जीरो टॉलरेंस की नीति
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने स्पष्ट किया है कि नाबालिग बच्चों और बच्चियों के विरुद्ध अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस तरह के अपराधों पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
