जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आम जनता को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में एडवोकेट कवींद्र पंत के प्रयास आखिरकार रंग लाए हैं। लंबे संघर्ष और लगातार पत्राचार के बाद राज्य परिवहन आयुक्त, उत्तराखंड ने शिखर तिराहे से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक ई-रिक्शा संचालन की आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है। इस निर्णय से नगरवासियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद जगी है।
इस रूट पर ई-रिक्शा संचालन शुरू कराने के लिए एडवोकेट कवींद्र पंत लंबे समय से प्रयासरत थे। उन्होंने स्थानीय स्तर पर आरटीओ और जिलाधिकारी को कई बार ज्ञापन सौंपकर इस मार्ग पर ई-रिक्शा संचालन की अनुमति देने की मांग उठाई थी। इसके अलावा संबंधित अधिकारियों से व्यक्तिगत मुलाकात और वार्ता कर भी इस मांग को प्रमुखता से रखा गया।
मांग को शासन स्तर तक पहुंचाते हुए कवींद्र पंत ने राज्य परिवहन आयुक्त उत्तराखंड को भी ज्ञापन भेजा। साथ ही राज्य परिवहन आयुक्त और अपर परिवहन आयुक्त से फोन पर वार्ता कर शिखर तिराहे से लक्ष्मेश्वर तिराहे तक ई-रिक्शा संचालन की अनुमति देने का अनुरोध किया। लगातार प्रयासों के बाद अब परिवहन आयुक्त की ओर से इस रूट पर संचालन की स्वीकृति मिल गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले जनवरी 2025 में शिखर तिराहे से धारानौला स्टेशन रूट पर भी ई-रिक्शा संचालन की अनुमति मिल चुकी है। अब लक्ष्मेश्वर रूट को भी मंजूरी मिलने से नगर के दो महत्वपूर्ण मार्गों पर ई-रिक्शा संचालन का रास्ता साफ हो गया है।
एडवोकेट कवींद्र पंत ने जिला प्रशासन से मांग की है कि दोनों रूटों पर ई-रिक्शा संचालन को जल्द धरातल पर उतारने के लिए बैठक आयोजित की जाए। बैठक में ई-रिक्शा का किराया और संचालन की समय-सारिणी निर्धारित की जाए, ताकि आम जनता को बिना किसी देरी के इस सुविधा का लाभ मिल सके।
