Fri. Nov 13th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, उत्तराखंड राज्य स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी अल्मोड़ा सांगठनिक जिले में व्यापक स्तर पर राज्य स्थापना दिवस सम्मेलन आयोजित करने जा रही है। इसके तहत जिले के सभी 15 मंडलों के 120 शक्ति केंद्रों में 13 से 15 नवंबर तक तीन दिवसीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। पार्टी इन सम्मेलनों के माध्यम से उत्तराखंड राज्य निर्माण के ऐतिहासिक संघर्ष, आंदोलनकारियों के योगदान, पृथक राज्य के निर्माण में भाजपा की भूमिका और प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाएगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष महेश नयाल ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इन सम्मेलनों में जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता प्रतिभाग करेंगे। सम्मेलनों में स्थानीय नागरिकों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी विभिन्न शक्ति केंद्रों में वक्ता के रूप में उपस्थित रहकर राज्य निर्माण और विकास से जुड़े विषयों पर विचार रखेंगे।
महेश नयाल ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण यहां की जनता के लंबे संघर्ष और आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या एवं बलिदान का परिणाम है। पृथक राज्य की वर्षों पुरानी मांग को पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में 9 नवंबर 2000 को साकार किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा दिया गया, जिससे प्रदेश के विकास की नई संभावनाएं खुलीं।