जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज की तस्वीर बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक सुविधाओं के साथ खेल मैदान का विकास और आधुनिक पुस्तकालय निर्माण की दिशा में पहल की जा रही है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, अल्मोड़ा का निरीक्षण कर विद्यालय परिसर, खेल मैदान, स्मार्ट क्लास और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय के स्वामित्व वाली समस्त भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालय की भूमि का स्पष्ट निर्धारण किया जा सके।
खेल मैदानों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए जिलाधिकारी ने इनके व्यवस्थित विकास के लिए मास्टर प्लान तैयार करने को कहा। उन्होंने दोनों खेल मैदानों के बीच ऊंचाई के अंतर का तकनीकी परीक्षण कराने तथा खेल मैदान तक सड़क संपर्क विकसित करने की संभावनाएं तलाशने के निर्देश भी दिए। उन्होंने मैदान में स्थित पुराने मंच को हटाकर खेल गतिविधियों के अनुकूल सुविधाएं विकसित करने पर जोर दिया।
विद्यालय के पुराने एवं जर्जर छात्रावास भवन को लेकर जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक एवं सुविधासंपन्न पुस्तकालय के रूप में विकसित करने को कहा, ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण और उपयोगी पुस्तकों की सुविधा मिल सके। वहीं परिसर में स्थित पुराने एवं अनुपयोगी शौचालयों को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश दिए।
डीएम ने स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही कक्षाओं में उपलब्ध फर्नीचर एवं अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने अपने पूर्व भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से विद्यालय के विकास कार्यों को गति दें।
निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, दशहरा समिति के पदाधिकारी अजीत सिंह कार्की एवं वैभव पांडे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
