जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड
अल्मोड़ा हल्द्वानी में नाबालिग के साथ हुए कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय परिसर, अल्मोड़ा में छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। मामले के विरोध में उत्तराखंड स्टूडेंट्स फेडरेशन (USF) के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए ABVP का पुतला दहन किया और सरकार तथा प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने मामले में निष्पक्ष एवं त्वरित जांच की मांग उठाते हुए कहा कि बेटियों की सुरक्षा से बढ़कर कोई संगठन या राजनीतिक विचारधारा नहीं हो सकती। अपराध करने वाले व्यक्ति के खिलाफ संगठन और राजनीतिक पहचान से ऊपर उठकर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि राष्ट्रीय छात्र संगठन के नाम पर कथित गुंडागर्दी और महिलाओं के खिलाफ अपराध आखिर कब तक बर्दाश्त किए जाएंगे?
छात्र नेताओं ने मांग की कि हल्द्वानी मामले की निष्पक्ष और तेजी से जांच कर दोषियों को कठोरतम सजा दिलाई जाए। किसी भी आरोपी को राजनीतिक संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। साथ ही पीड़िता और उसके परिवार को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा बिना पहचान पत्र सत्यापन के कमरे उपलब्ध कराने वाले होटलों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई।
प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता धीरज भैंसोड़ा ने किया। इस दौरान कमल सिंह, शिवम, विजय पंत, ध्रुव, दीपक सिंह, प्रतीक, मुनाफ, कैफ अली, गोलू, सुजल सिंह, रवि, ललित, राकेश और अभिषेक सहित कई छात्र नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
