Wed. Apr 1st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़

पिथौरागढ़:: नगर निगम पिथौरागढ़ के मेयर पद के चुनाव में कांटे की टक्कर रही और मात्र 17 वोटों के अंतर से बीजेपी की उम्मीदवार कल्पना देवलाल चुनाव जीतने में सफल रहीं। इस चुनाव परिणाम के घोषित होते ही निर्दलीय प्रत्याशी मोनिका महर के समर्थकों ने विरोध जताना शुरू कर दिया और इसे प्रदेश भाजपा सरकार तथा प्रशासन की मिलीभगत का नतीजा बताया। मेयर चुनाव में विजयी घोषित कल्पना देवलाल को 9466 वोट तो मोनिका महर को 9449 वोट मिले। कुल चार राउंड की मतगणना में मोनिका तीसरे राउंड की गणना तक कल्पना देवलाल से 517 वोट से आगे चल रहीं थी। चुनाव परिणाम घोषित होते ही मोनिका महर पक्ष ने पुनर्मतगणना की मांग रखी, जिसे खारिज कर दिया गया।
इस मामले को लेकर सोमवार को मोनिका महर ने पिथौरागढ़ विधायक मयूख महर तथा युवा नेता ऋषेन्द्र महर की संयुक्त अगुआई में समर्थकों के भारी हुजूम के साथ नगर में मौन जुलूस निकाला। इस दौरान उनके समर्थक हाथों में एक ही नारा लिखी तख्तियां व बैनर लेकर चल रहे थे, जिनमें लिखा था ‘आप सभी का धन्यवाद, जनता ने जिताया… सत्ता और प्रशासन हराया ? ‘। नगर के विभिन्न मार्गों से गुजरे मौन जुलूस में बड़ी संख्या में महिलाएं और युवा शामिल थे। मौन जुलूस के बाद मोनिका और उनके पति युवा नेता ऋषेन्द्र ने कहा कि मतगणना में उनके साथ हुए अन्याय के खिलाफ जनपद में प्रसिद्ध न्याय की देवी कोटगाड़ी के मंदिर में अर्जी लगाने के साथ ही कोर्ट का भी दरवाजा खटखटाएंगे।