Wed. Feb 4th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़  अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता बिट्टू कर्नाटक द्वारा मेधावी छात्रों के मनोबल को बढ़ाने तथा उन्हें प्रोत्साहित करने हेतु लगातार कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं । इसी के तहत आज उच्च्तर माध्यमिक विद्यालय तलाड़ (अल्मोड़ा ) के उन मेधावी छात्रों को सम्मानित किया गया जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन में बोर्ड परीक्षा तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया ।



          

कार्यक्रम का शुभारंभ छात्र/छात्राओं के   रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ प्रारंभ हुआ तदुपरान्त श्री कर्नाटक ने  बोर्ड परीक्षा तथा अन्य प्रतियोगी परीक्षा के मेधावी छात्र /छात्राओं को मेडल ,प्रतीक चिन्ह व अंगवस्त्र से सम्मानित करते हुए कहा कि छात्रों को अपना लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत के साथ अपनी पढाई जारी रखनी चाहिए और बोर्ड  तथा प्रतियोगी परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर अपने माता-पिता तथा शिक्षकों को गौरवान्वित करना चाहिये ।
       
श्री कर्नाटक ने कहा कि बोर्ड परीक्षा तथा प्रतियोगी परीक्षा श्रेष्ठ अंकों से उत्तीर्ण करने में छात्रों  की अपनी कठोर मेहनत तथा शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है । क्योंकि शिक्षा के साथ-साथ शिक्षक छात्रों को अनुशासन,राष्ट्रभक्ति की भावना ,उनके अधिकार, कर्तव्य आदि में उनका मार्गदर्शन भी करते हैं ।  उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ व्यायाम, खेलकूद, मनोरंजन के द्वारा अपने शरीर को तंदुरूस्त एवं स्वस्थ बनाना चाहिये । साथ ही समाज में तेजी से फैल रहे नशे एवं भटकाव के मार्ग  से दूर रहकर अपने को आदर्श बना कर समाज व देश में अपना नाम रोशन करना चाहिए।


        
विद्यालय के प्रधानाध्यापक उदयराज विक्रम साह ने अपने संबोधन में श्री कर्नाटक का स्वागत करते हुए कहा कि प्रत्येक वर्ष आयोजित इस सम्मान समारोह से विद्यालय के सभी छात्र/छात्रायें उत्साहित होते हैं और उनका मनोबल बढता है । उन्होंने कहा कि छात्रों हेतु आयोजित यह कार्यक्रम तथा सम्मान के रुप में दिया गया पुरस्कार छात्रों को अवश्य प्रेरणा देगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में यह मील का पत्थर साबित होगा ।  जिसके लिये हम श्री कर्नाटक जी की सराहनीय पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हैं ।
           
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूर्व सैनिक हयातसिंह बिष्ट, रमेश चंद्र जोशी तथा देवेंद्र कर्नाटक ,प्रकाश मेहता,निखिल तिवारी, आशा मेहता आदि सहित शिक्षक भोपाल प्रसाद कोहली,खुशालसिंह मेहर,हेमा बिष्ट, नयनतारा,जानकी बिष्ट तथा समस्त कर्मचारी एवं अभिभावक उपस्थित रहे । कार्यक्रम का संचालन रश्मि काण्डपाल द्वारा किया गया ।