जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी। उजाला नगर क्षेत्र में गौवंशीय नवजात पशु का कटा सिर मिलने के बाद भड़की तनावपूर्ण स्थिति को नियंत्रित करते हुए बनभूलपुरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 40–50 अज्ञात उपद्रवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया है। देर शाम हलचल तेज होने के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में भारी फोर्स तैनात कर सुरक्षा बढ़ा दी है। घटना उजाला नगर के अलीगढ़ पब्लिक स्कूल गेट के बाहर सामने आई, जहां नवजात गौवंशीय पशु का कटा सिर मिलने के बाद भीड़ अचानक जुटने लगी। हिंदूवादी संगठनों के लोगों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। तनाव बढ़ता देख थाना वनभूलपुरा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन हालात बिगड़ने लगे। सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर स्पष्ट हुआ कि एक कुत्ता जंगल की ओर से यह अवशेष लेकर आता दिखाई दे रहा है, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को वास्तविक तथ्यों से अवगत कराया और शिकायत पत्र लेकर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
