जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। लक्ष्मेश्वर वार्ड में आईएसबीटी के निकट बने नाले पर लोगों की सुरक्षा के लिए अब सीढ़ियों वाला सुरक्षित रास्ता बनाया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज नाले के निरीक्षण के बाद दी।

स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद जिलाधिकारी सोमवार को स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों से नाले के निर्माण, इसके प्रावधान तथा अन्य तकनीकी बिंदुओं की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की सभी उचित मांगों पर सकारात्मक और त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए कि जहां-जहां नाले का प्रावधान है, वहां कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही नाले के ऊपर आमजन की सुविधा के लिए सीढ़ियों वाला रास्ता तैयार किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि रास्ते के साथ सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत रेलिंग लगाई जाए ताकि लोग सुरक्षित आवाजाही कर सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि यह कार्य तत्काल प्रारंभ किया जाए और उपजिलाधिकारी को आदेश दिया कि वे निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। जिलाधिकारी ने नगर निगम को भी नालों की नियमित सफाई करने के निर्देश दिए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी कार्य को शुरू करने से पूर्व यह सुनिश्चित कर लिया जाए कि जनता को कोई असुविधा न हो और सभी कार्य जनहित को ध्यान में रखते हुए किए जाएं।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, सिंचाई विभाग के अधिशाषी अभियंता मोहन सिंह रावत, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग तथा अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।