जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड़
अल्मोड़ा अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री देवेन्द्र पींचा की अध्यक्षता में शुक्रवार को पुलिस लाइन अल्मोड़ा के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस कर्मचारी सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक में जनपद के समस्त पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अपराधों की समीक्षा, लंबित मामलों के निस्तारण तथा आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
एसएसपी अल्मोड़ा ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नए वर्ष में नशे के विरुद्ध अभियान और साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई प्राथमिकता रहेगी।
गोष्ठी में जनपद के सभी थानों में दर्ज अपराधों, लंबित विवेचनाओं एवं अभियुक्तों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए गुणवत्तापूर्ण विवेचना, जघन्य अपराधों में फॉरेंसिक साक्ष्य संकलन तथा मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने “ऑपरेशन भल छौ” के तहत एकल वरिष्ठ नागरिकों एवं पुलिस पेंशनरों से नियमित संपर्क कर उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। इसके साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर सघन चेकिंग, सत्यापन अभियान चलाने एवं लापरवाह मकान मालिकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए।
महिलाओं के विरुद्ध अपराधों पर शून्य सहनशीलता अपनाने, साइबर अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज कर साइबर सेल से समन्वय करने तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर फ्रॉड को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए ड्रिंक एंड ड्राइव, रेट्रो साइलेंसर, एवं नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर विशेष चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही स्मैक, गांजा एवं अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी के दौरान थाना लमगड़ा क्षेत्र में ब्लाइंड मर्डर केस के सफल अनावरण में उत्कृष्ट पर्यवेक्षण के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा श्री हरबन्स सिंह एवं सीओ अल्मोड़ा श्री गोपाल दत्त जोशी को सराहना पत्र प्रदान किया गया।
वहीं थाना सल्ट क्षेत्र में 85.53 किलोग्राम अवैध गांजा बरामदगी एवं संदिग्ध जेलटिन रॉड प्रकरण के सफल अनावरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अपर उप निरीक्षक लोमेश कुमार को Police Officer of the Month घोषित किया गया।
एसएसपी अल्मोड़ा द्वारा माह दिसम्बर में सराहनीय कार्य करने वाले 41 अधिकारी/कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष, एसओजी, साइबर सेल एवं अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
