जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा | 24 फरवरी 2026 राज्य आयुक्त (खाद्य सुरक्षा), उत्तराखंड एवं जिलाधिकारी अल्मोड़ा के निर्देशों के क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग ने जनपद में मिलावट और लापरवाही के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ दिया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मासी, चौखुटिया एवं द्वाराहाट क्षेत्रों में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी खाद्य पदार्थों का क्रय-विक्रय केवल पक्के बिल/कैश मेमो के आधार पर ही किया जाए। साथ ही प्रतिष्ठानों में स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन, लाइसेंस/पंजीकरण का प्रदर्शन, तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। निर्माण तिथि एवं अवधि समाप्ति तिथि (Expiry Date) का विशेष ध्यान रखने पर भी जोर दिया गया।
संदेह के घेरे में घी–पनीर–सॉस–नमकीन
कार्रवाई के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर घी, पनीर, सॉस एवं नमकीन सहित कुल 07 खाद्य नमूने संग्रहित किए। सभी नमूनों को जांच के लिए उत्तराखंड खाद्य एवं औषधि विश्लेषक संस्थान भेज दिया गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार सख्त विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग का साफ संदेश
खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो टूक कहा है कि जनपद में खाद्य सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की रक्षा के लिए निरीक्षण और नमूना संग्रह की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। दोषियों पर कठोर कार्रवाई तय है।
