Wed. Feb 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा।
क्वारब मोटर मार्ग की बदहाली और लगातार बढ़ते खतरे को लेकर आज नगर कांग्रेस कमेटी और अल्मोड़ा महानगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा और भाजपा का पुतला दहन कर केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि क्वारब का 200 मीटर डेंजर जोन बीते कई वर्षों से जानलेवा बना हुआ है। NH, SD और PWD के आंकड़ों के अनुसार पिछले दो वर्षों में इस हिस्से पर 60 से 70 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क की हालत और भी खतरनाक हो गई है।
वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पूर्व में केंद्रीय राज्य मंत्री द्वारा जिस वैकल्पिक मार्ग की बात कही गई थी, वह भी पूरा स्लाइडिंग जोन होने के कारण बीच से फट चुका है। ऐसे में न पुराना मार्ग सुरक्षित है और न ही नया। कांग्रेस ने इसे सरकारी उदासीनता और भ्रष्टाचार का परिणाम बताते हुए कहा कि पहाड़ की जनता को लगातार भ्रमित किया जा रहा है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही क्वारब मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा कार्य शुरू नहीं किए गए तो आंदोलन को और व्यापक व उग्र किया जाएगा।
इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भोज (गुड्डू), महानगर अध्यक्ष ताराचंद जोशी, राधा बिष्ट (जिला अध्यक्ष, महिला कांग्रेस), पूर्व पालिका अध्यक्ष प्रकाश चंद जोशी सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पार्षद, महिला कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।