Wed. Feb 25th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

रानीखेत। जनसेवा को अपना दायित्व मानते हुए अल्मोड़ा के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने रानीखेत स्थित गोविन्द सिंह माहरा राजकीय नागरिक चिकित्सालय परिसर में संचालित राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय रानीखेत का विस्तृत निरीक्षण किया और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी पंजीकरण व्यवस्था, औषधियों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या एवं उपचार प्रणाली की जानकारी प्राप्त की। चिकित्सालय में तैनात चिकित्सक से संवाद के दौरान बताया गया कि प्रतिदिन लगभग 50 से 60 मरीज उपचार हेतु यहां पहुंच रहे हैं, जो क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।
चिकित्सालय में वर्तमान समय में लगभग सभी आवश्यक होम्योपैथिक औषधियां उपलब्ध हैं। यहां मरीजों को निशुल्क उपचार एवं दवाइयां प्रदान की जा रही हैं, जिससे विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को बड़ी राहत मिल रही है। चिकित्सकों के अनुसार होम्योपैथिक दवाएं सामान्यतः दुष्प्रभाव रहित मानी जाती हैं, जिससे लोग इस पद्धति की ओर अधिक आकर्षित हो रहे हैं।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता संजय पाण्डे ने कहा कि सुदृढ़ और संवेदनशील स्वास्थ्य व्यवस्था ही समाज की वास्तविक शक्ति होती है। जब सरकारी संस्थान पारदर्शिता और नियमितता के साथ कार्य करते हैं, तो जनता का विश्वास स्वतः ही मजबूत होता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे राजकीय होम्योपैथिक चिकित्सालय की सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाएं तथा स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य से जुड़े संस्थानों की समय-समय पर समीक्षा और जनसहभागिता से ही स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।