जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने मनोविज्ञान विभाग में स्थापित हैप्पीनेस लैब को उत्कृष्ट गतिविधियों के लिए 20 हजार रुपये की सम्मान राशि प्रदान की। यह राशि विश्वविद्यालय में नवाचार, शोध और अकादमिक उत्कृष्टता के लिए महामहिम द्वारा कुलपति को प्रदत्त सम्मान से तथा कुलपति की ओर से अतिरिक्त सहयोग स्वरूप दी गई।
कुलपति के दिशा-निर्देशन में मनोविज्ञान विभाग द्वारा हैप्पीनेस लैब की अब तक की उपलब्धियों और भावी योजनाओं पर आधारित एक पुस्तक भी तैयार की गई है। इस अवसर पर कुलपति ने मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मधुलता नयाल के प्रयासों की सराहना करते हुए लैब को और अधिक सशक्त बनाने के निर्देश दिए तथा 20 हजार रुपये की सम्मान राशि का चेक विभागाध्यक्ष को सौंपा।
उल्लेखनीय है कि महामहिम द्वारा विश्वविद्यालय के कुलपति को यह सम्मान राशि लोकभवन में विश्वविद्यालय के नवाचार, शोध एवं अकादमिक प्रयासों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रदान की गई थी, जिसे कुलपति ने सामाजिक सरोकार के तहत मनोविज्ञान विभाग की हैप्पीनेस लैब को समर्पित कर दिया।
ज्ञातव्य है कि कुलपति प्रो. बिष्ट द्वारा 19 सितंबर 2024 को मनोविज्ञान विभाग, एसएस जीना परिसर, अल्मोड़ा में हैप्पीनेस लैब का उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के बाद हाउ टू मेंटेन योर मेंटल हेल्थ विषय पर चार दिवसीय कार्यशाला सहित कई कार्यक्रम आयोजित किए गए।
हैप्पीनेस लैब के माध्यम से अल्मोड़ा परिसर के छात्रों, शिक्षकों और कर्मचारियों को मानसिक स्वास्थ्य सुदृढ़ करने के लिए विशेषज्ञों द्वारा परामर्श दिया जा रहा है। साथ ही तनाव प्रबंधन, व्यवहार, अवसाद आदि विषयों पर कार्यशालाएं आयोजित कर मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और तनावमुक्त जीवन के लिए प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
