जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 26 फरवरी 2026 जनगणना–2027 के सफल, सुचारु एवं समयबद्ध संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद स्तर पर जनगणना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज से प्रारम्भ हो गया है। यह प्रशिक्षण 26 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक जिलाधिकारी कार्यालय, अल्मोड़ा में प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी, जनगणना कार्य निदेशालय, उत्तराखंड के निर्देशों के क्रम में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना से संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी, चार्ज अधिकारी, सहायक चार्ज जनगणना अधिकारी, तकनीकी सहायक तथा जनगणना लिपिक प्रतिभाग कर रहे हैं।
प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य जनगणना–2027 की प्रक्रियाओं, तकनीकी प्रावधानों एवं संबंधित दायित्वों की विस्तृत जानकारी प्रदान करना है, ताकि जनगणना का कार्य निर्धारित समयसीमा में शुद्धता, पारदर्शिता और प्रभावशीलता के साथ संपादित किया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित जनगणना निदेशालय से आए प्रशिक्षक एवं प्रशिक्षु अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम जनगणना जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
