Sat. Feb 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अल्मोड़ा के अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय के मार्गदर्शन में दिनांक 27 फरवरी 2026 को भिकियासैंण के अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज में वृहद बहुउद्देशीय विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अल्मोड़ा सुश्री शचि शर्मा ने की तथा कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
शिविर में उपस्थित आमजन एवं विद्यार्थियों को राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA), राज्य एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की स्थापना व कार्यप्रणाली, महिलाओं, बच्चों, ट्रांसजेंडर, वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 और चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न लाभार्थियों को 2 लैपटॉप, 10 टैबलेट, 11 व्हीलचेयर, 100 छड़ी, 54 कान की मशीन, 25 वॉटर प्यूरीफायर, 4 महालक्ष्मी किट, 2 क्रिकेट किट, 2 बैडमिंटन किट, 2 बास्केटबॉल, 8 सिलाई मशीन सहित अन्य सामग्री प्रदान की गई। राम कृष्ण कुटीर अल्मोड़ा के सहयोग से 100 कंबल भी वितरित किए गए।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं दवा वितरण किया गया तथा 15 दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाए गए। हैडाखान चैरिटेबल ट्रस्ट, चिलियानौला रानीखेत द्वारा निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं चश्मों का वितरण किया गया। विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपनी-अपनी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
शिविर में उप जिलाधिकारी सुश्री याक्षी अरोड़ा, खंड शिक्षा अधिकारी नीरज लोहनी, खंड विकास अधिकारी गोपाल सिंह नेगी, बाल विकास परियोजना अधिकारी मुकेश कुमार, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी मो. साहिद, डीपीओ कल्पना मनराल, प्रधानाचार्य भवानी राम भारती सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
विद्यालयी विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, कुमाऊँनी नृत्य, नुक्कड़ नाटक एवं भाषण प्रस्तुत किए गए। शिविर में अधिकार मित्रों द्वारा हेल्प डेस्क के माध्यम से आमजन की सहायता की गई तथा लगभग 2000 निःशुल्क कानूनी पंपलेट वितरित किए गए।
इस बहुउद्देशीय शिविर में लगभग 5000 लोगों ने विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।