जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी पहल “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जनसेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है। इसी क्रम में जनपद अल्मोड़ा के विभिन्न विकास खंडों में जनसेवा शिविरों का आयोजन कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
विकास खंड ताड़ीखेत की न्याय पंचायत सगनेटी में आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से कुल 1471 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। वहीं विकास खंड सल्ट की न्याय पंचायत डुंगरा में आयोजित शिविर के अंतर्गत 2396 लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ दिया गया।
इन शिविरों के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य, कृषि, शिक्षा, स्वरोजगार सहित अन्य विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।
प्रशासन द्वारा शासन की मंशा के अनुरूप यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचे। अभियान के तहत दूरस्थ क्षेत्रों में भी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर ग्रामीणों के जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रमों में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
