Sat. Mar 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भतरौजखान पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 10.25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी कीमत करीब 2.56 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के द्वारा नशे के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए “ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन” के तहत जनपद में लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। त्योहारों के मद्देनजर सभी थाना और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाकर नशा तस्करों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा सीओ रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 6 मार्च 2026 को चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चौकी भिकियासैंण तिराहे पर मारुति एस-क्रॉस कार (UK07-DG-6485) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन में सवार दो युवकों बिल्ला सिंह उर्फ बिल्लू (33 वर्ष) और सतीश कुमार (28 वर्ष) निवासी थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) के कब्जे से कुल 10.25 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। साथ ही वाहन को भी सीज कर दिया गया है।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गांजा को रामपुर ले जाकर ऊंचे दामों में बेचने की फिराक में थे। पुलिस अब गांजा तस्करी के नेटवर्क और इसके क्रय-विक्रय के स्रोतों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक संजय जोशी (प्रभारी चौकी भिकियासैंण), हेड कांस्टेबल शमीम अहमद और कांस्टेबल भूपेंद्र जीना शामिल रहे।