जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिला रेडक्रॉस सोसायटी के एक शिष्टमंडल ने सोमवार को नवनियुक्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोड़के से मुलाकात कर नगर की सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मुलाकात के दौरान रेडक्रॉस प्रतिनिधियों ने शहर के प्रमुख चौराहों, सुनसान गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर आधुनिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की मांग रखी। उनका कहना था कि कई संवेदनशील और सुनसान क्षेत्रों में कैमरों की व्यवस्था नहीं होने से सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित होती है। सीसीटीवी लगाए जाने से आपराधिक गतिविधियों पर निगरानी रखना आसान होगा।
इसके साथ ही शिष्टमंडल ने शहर में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की भी मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि शाम और रात के समय कई स्थानों पर पुलिस की उपस्थिति कम दिखाई देती है, जिससे असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। गश्त बढ़ने से आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और मजबूत होगी।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने सामाजिक सरोकारों से जुड़े अन्य मुद्दों, जैसे सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने, जरूरतमंद लोगों की सहायता और आपातकालीन स्थितियों में बेहतर समन्वय को लेकर भी अपने सुझाव दिए।
इस दौरान एसएसपी चंद्रशेखर घोड़के ने शिष्टमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन नागरिक संगठनों के सहयोग से शहर में बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुलाकात के दौरान रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, पूर्व स्वास्थ्य निदेशक डॉ जे.सी. दुर्गापाल, यूथ रेडक्रॉस चेयरमैन अमित साह मोनू, यूथ उपाध्यक्ष अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा, यूथ उप सचिव अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, गिरीश मल्होत्रा और अनूप साह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
