Tue. Mar 10th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

समयबद्ध और संतोषजनक निस्तारण के निर्देश, लंबित मामलों पर अधिकारियों से मांगा जवाब
अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लंबित एवं निस्तारित शिकायतों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई।
अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतें शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं, इसलिए इनके निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि कई मामलों में शिकायतों का समय पर निस्तारण नहीं होने से वे अनावश्यक रूप से लंबित रहती हैं, जो गंभीर विषय है। ऐसे मामलों में संबंधित विभागों को अपनी जवाबदेही तय करते हुए कार्य करना होगा। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करने और निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एडीएम ने यह भी कहा कि शिकायतों के निस्तारण के दौरान शिकायतकर्ता से फोन पर बातचीत कर समस्या की वास्तविक स्थिति को समझना भी आवश्यक है, ताकि उसका प्रभावी समाधान किया जा सके।
बैठक में उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, जैंती/भनोली की उपजिलाधिकारी सौम्या गर्ब्याल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि विभिन्न विभागों के अन्य अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।