Tue. Mar 10th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

खिलाड़ियों के लिए शेड, बैठने की व्यवस्था और फेंसिंग के दिए निर्देश



अल्मोड़ा, 10 मार्च। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने मंगलवार को डायट परिसर स्थित खेल मैदान में निर्माणाधीन आधुनिक क्रिकेट पिच का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मैदान को खेल गतिविधियों के लिए एक सुव्यवस्थित और आधुनिक खेल परिसर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि खेल मैदान को इस प्रकार विकसित किया जाए कि जिले के युवाओं और खिलाड़ियों को बेहतर और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने मैदान में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए शेड तथा बैठने की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही खेल क्षेत्र की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मैदान की चैन लिंक फेंसिंग कराने को भी कहा।
डीएम ने बताया कि मैदान में उच्च तकनीक से क्रिकेट की आधुनिक पिच तैयार की जा रही है, जिससे खिलाड़ियों को पेशेवर स्तर की सुविधाएं मिल सकेंगी। इसके अलावा मैदान के समतलीकरण, बेहतर ड्रेनेज व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
उन्होंने मैदान के नियमित रखरखाव के लिए ग्रास कटिंग मशीन और रोलर की व्यवस्था करने को कहा, ताकि मैदान की गुणवत्ता लंबे समय तक बनी रहे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि उपलब्ध भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए मैदान को सुव्यवस्थित ढंग से विकसित किया जाए और सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण किया जाए।
उन्होंने कहा कि आधुनिक पिच के तैयार होने से जिले के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा निखारने का बेहतर मंच मिलेगा और जनपद में खेल गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।