जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज स्थित बेस चिकित्सालय में मरीजों के तीमारदारों को मूलभूत सुविधाएं तक नहीं मिल पा रही हैं। अस्पताल में भर्ती मरीजों के साथ आए परिजनों को रात भर वार्डों के बाहर और गलियारों में जमीन पर सोने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इस स्थिति को देखकर जनप्रतिनिधियों ने गहरी नाराजगी जताई।
विगत रात्रि नगर क्षेत्र के पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट (चीमा), पार्षद अभिषेक जोशी तथा रेडक्रॉस सोसाइटी के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि कई मरीजों के तीमारदारों के लिए बैठने या सोने की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है, जिसके कारण उन्हें जमीन पर रात गुजारनी पड़ रही है।
जनप्रतिनिधियों ने इस स्थिति को गंभीर बताते हुए अस्पताल प्रशासन पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोग अपने मरीजों के साथ कई दिनों तक अस्पताल में रहते हैं, लेकिन उनके लिए बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार अस्पतालों की व्यवस्थाएं सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन मेडिकल कॉलेज प्रशासन की लापरवाही के कारण मरीजों के परिजनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मानवीय पहल करते हुए पार्षदों और रेडक्रॉस के प्रदेश उपाध्यक्ष ने अपने स्तर पर मरीजों के तीमारदारों के लिए एक दर्जन गद्दे खरीदकर अस्पताल में उपलब्ध कराए। गद्दे मिलने के बाद तीमारदारों ने राहत की सांस ली और जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल प्रशासन से मांग की कि तीमारदारों के लिए स्थायी रूप से बैठने और सोने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में किसी को इस प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया तो इस मुद्दे को और मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में रेडक्रॉस के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, पार्षद अमित साह मोनू, पार्षद अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा, पार्षद अभिषेक जोशी, कृष्ण बहादुर सिंह, सरपंच अशोक सिंह, भाजपा अनुसूचित मोर्चा जिला अध्यक्ष त्रिलोक राम, नगर अध्यक्ष भाजपा अनुसूचित मोर्चा सुधीर कुमार, ललित खोलिया, अभय बोरा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
