Sat. Mar 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा रानीखेत वन क्षेत्र के अंतर्गत मॉडल क्रू स्टेशन ताड़ीखेत में हिमालयन इनवायरमेंट लाइवलिहुड प्रमोशन सोसाइटी के सहयोग से वनाग्नि प्रबंधन एवं नियंत्रण को लेकर एक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वन कार्मिकों के साथ-साथ स्थानीय जन समुदाय को वनाग्नि के प्रभाव, नियंत्रण और रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता उपप्रभागीय वनाधिकारी, रानीखेत ने की। कार्यक्रम में वन क्षेत्राधिकारी रानीखेत, वन विभाग के कर्मचारी, फायर वाचर, ग्राम प्रधान, वन पंचायत सदस्य, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि और स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को वनाग्नि के कारणों तथा इसके पर्यावरण और वन्यजीवों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही आग लगने की स्थिति में उससे निपटने के उपायों और सामुदायिक सहभागिता की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
वन विभाग की ओर से सभी लोगों से अपील की गई कि वनाग्नि की किसी भी घटना की सूचना तत्काल विभाग को दें और जंगलों में आग लगने से रोकने के लिए सतर्कता बरतें, ताकि प्राकृतिक संसाधनों और वन्य जीवन की रक्षा की जा सके।