Fri. Mar 20th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

दिल्ली। अन्ना आंदोलन से प्रेरित होकर आम आदमी पार्टी से जुड़े और देश के कई राज्यों में संगठन को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने वाले एक समर्पित सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ता ने अपने सार्वजनिक जीवन को नई दिशा देने का निर्णय लेते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया है।
कार्यकर्ता ने दिल्ली, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब और गुजरात जैसे राज्यों में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दिया। जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और आम जनता की आवाज को बुलंद करने में उनकी भूमिका उल्लेखनीय रही।
दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र में सक्रिय रहते हुए उन्होंने लगातार चार चुनावों में विधायक संजय झा की जीत में अहम योगदान दिया। इसके अलावा उन्होंने संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। दिल्ली प्रदेश उत्तराखंड प्रकोष्ठ की स्थापना कर प्रदेश उपाध्यक्ष के रूप में कार्य करते हुए उन्होंने दिल्ली में रह रहे उत्तराखंड मूल के लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोड़ने का कार्य किया।
वर्ष 2017 में देहरादून में आंदोलन के दौरान जेल जाना उनके संघर्ष और समर्पण का प्रतीक रहा। मूल रूप से उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के ग्राम थापला (चाखुटिया) निवासी इस कार्यकर्ता का सामाजिक जुड़ाव लंबे समय से विभिन्न संगठनों के साथ रहा है।
राजनीतिक जिम्मेदारियों के तहत उन्होंने 2022 के उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में कुमाऊं क्षेत्र के प्रभारी और 2023 में छत्तीसगढ़ चुनाव में जोन प्रभारी के रूप में संगठन को मजबूती देने का कार्य किया। वर्तमान में वे दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र में निवास करते हैं और लगभग 15 वर्षों का कॉरपोरेट अनुभव रखते हैं, साथ ही अंतरराष्ट्रीय एयरलाइन में भी कार्य कर चुके हैं।
अपने बयान में उन्होंने कहा कि यह निर्णय पूरी तरह व्यक्तिगत है और अब वे बिना किसी राजनीतिक दल से जुड़े समाजहित में कार्य करते रहेंगे। उनका उद्देश्य जनहित के मुद्दों को उठाना और उत्तराखंड की संस्कृति व मूल्यों को आगे बढ़ाना रहेगा।
उन्होंने अपने सहयोगियों और समर्थकों से अपील की है कि वे उनके इस निर्णय का सम्मान करें और समाजहित में मिलकर कार्य करते रहें।