Sat. Mar 28th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, जनपद अल्मोड़ा में गैस सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति एवं व्यवस्थित वितरण सुनिश्चित करने के लिए जिला पूर्ति कार्यालय द्वारा नई व्यवस्था लागू की गई है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए वितरण केंद्रवार ग्राहकों की सूची एवं रोस्टर तैयार किया गया है, जिसके अनुसार प्रतिदिन तय केंद्रों पर गैस सिलेंडर वितरित किए जाएंगे।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक वितरण केंद्र पर उपभोक्ताओं की सूची एक दिन पहले ही चस्पा कर दी जाएगी, ताकि संबंधित उपभोक्ता अपने निर्धारित क्रम में ही गैस प्राप्त कर सकें। सूची में नाम होने पर ही गैस वितरण किया जाएगा, जबकि अन्य उपभोक्ताओं से अनावश्यक भीड़ न लगाने की अपील की गई है।
उन्होंने जानकारी दी कि यदि किसी उपभोक्ता का नाम सूची में होने के बावजूद सिलेंडर की कमी के कारण गैस नहीं मिल पाती है, तो उसे अगले दिन प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही गैस बुकिंग के 10 दिनों के बाद ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा।
डीएसी प्राप्त न होने की स्थिति में उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित गैस एजेंसी में मोबाइल नंबर एवं पता अपडेट कराने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया कि वितरण केंद्रों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अशांति फैलाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जनसामान्य से अपील की गई है कि निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे गैस वितरण प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके।