Tue. Mar 31st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

शनिवार को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने काकड़ी घाट स्थित कर्कटेश्वर महादेव मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। यह कार्यक्रम मानसखंड माला मिशन के तहत आयोजित किया गया, जिसके अंतर्गत मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए 4.98 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है।
यह प्राचीन स्थल स्वामी विवेकानंद की तपस्थली के रूप में भी प्रसिद्ध है, जिससे इसकी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्ता और बढ़ जाती है।
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि स्वामी विवेकानंद जैसी महान विभूतियों से जुड़े स्थलों का संरक्षण और समग्र विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि काकड़ी घाट जैसे पवित्र स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार कर रही है, जिससे श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें आस्था और विकास को साथ लेकर आगे बढ़ रही हैं और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में धार्मिक स्थलों के पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण का कार्य अभूतपूर्व रूप से हो रहा है।
रेखा आर्या ने काशी और अयोध्या जैसे स्थलों के कायाकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि उसी तर्ज पर उत्तराखंड के पौराणिक स्थलों को भी विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि इस परियोजना के पूर्ण होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी और स्थानीय लोगों की आजीविका के साधनों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।