जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज अल्मोड़ा मुख्य बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न कार्यों का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान बाजार में सार्वजनिक शौचालय के अभाव को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संभावित स्थलों का निरीक्षण किया। उपयुक्त स्थानों का चयन कर संबंधित अधिकारियों को शौचालय कॉम्प्लेक्स निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बाजार क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था, झूलते विद्युत तारों और निर्धारित सीमा से बाहर फड़ लगाने की समस्या पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा को निर्देशित किया कि शहर में नियमित और प्रभावी सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा झूलते तारों को व्यवस्थित कराया जाए।
साथ ही जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाजार में फड़ केवल निर्धारित स्थानों पर ही लगाए जाएं। अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि नगरवासियों की समस्याओं का त्वरित समाधान, शहर में बेहतर एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना और नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे।
इस मौके पर नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
