Tue. Apr 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 06 अप्रैल 2026। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड द्वारा जनपद में औषधि विक्रय व्यवस्था को पारदर्शी और नियमबद्ध बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने धौलछीना एवं भैंसियाछना ब्लॉक क्षेत्र में स्थित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल प्रतिष्ठानों के ड्रग लाइसेंस की वैधता की गहन जांच की गई। साथ ही उपलब्ध दवाओं के स्टॉक का सत्यापन करते हुए यह देखा गया कि कहीं एक्सपायर्ड या बिना अनुमति की दवाएं तो बिक्री में नहीं हैं। दवाओं के क्रय-विक्रय से संबंधित अभिलेखों का भी बारीकी से परीक्षण किया गया।
औषधि निरीक्षक ने विशेष रूप से यह सुनिश्चित किया कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में ही की जा रही हो तथा दवाएं विधिवत पंजीकृत चिकित्सक के पर्चे के आधार पर ही दी जा रही हों। इसके अलावा मेडिकल स्टोर्स में लगे सीसीटीवी कैमरों एवं उनकी रिकॉर्डिंग व्यवस्था की भी विस्तार से जांच की गई, जिससे दवा बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान कुछ मेडिकल प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं। इस पर संबंधित संचालकों को कड़ी चेतावनी देते हुए 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
औषधि निरीक्षक पूजा जोशी ने स्पष्ट किया कि जनपद में इस प्रकार की निरीक्षण कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और औषधि विक्रय से जुड़े सभी मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।