Tue. Apr 7th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, नगर निगम अल्मोड़ा की नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने जानकारी दी है कि भारत सरकार के निर्देशानुसार वर्ष 2027 में प्रस्तावित जनगणना को लेकर तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। इस प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से निर्धारित समयावधि में संपन्न किया जाएगा।
पहले चरण के तहत 25 अप्रैल 2026 से 24 मई 2026 तक प्रदेशभर में भवन सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान नियुक्त प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर सर्वे करेंगे और आवश्यक आंकड़े जुटाएंगे।
दूसरे चरण में 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण में प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत तथा सामाजिक-आर्थिक जानकारी एकत्रित की जाएगी।
इसके साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इच्छुक नागरिक 10 अप्रैल 2026 से 24 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in⁠� पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके लिए पहले पंजीकरण करना होगा, मोबाइल नंबर से OTP सत्यापन के बाद आवश्यक विवरण भरकर सबमिट करना होगा। सफल प्रक्रिया के बाद नागरिकों को एक विशेष पहचान संख्या (SE ID) प्रदान की जाएगी।
नगर आयुक्त ने सभी नगरवासियों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अधिक से अधिक संख्या में स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाएं।