जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा जनपद अल्मोड़ा में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन 10 अप्रैल 2026 को अपराह्न 01 बजे विकास भवन सभागार में किया जाएगा। बैठक की अध्यक्षता अजय टम्टा, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री एवं अल्मोड़ा-पिथौरागढ़ लोकसभा सांसद द्वारा की जाएगी।
इस बैठक में केंद्र पोषित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। बैठक के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। साथ ही सभी जनपद स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की आख्या और अद्यतन प्रगति विवरण के साथ अनिवार्य रूप से बैठक में उपस्थित रहें।
परियोजना निदेशक, ग्राम्य विकास अभिकरण केएन तिवारी ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में क्षेत्र के विधायकगण, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम अल्मोड़ा के महापौर, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अध्यक्षों सहित अन्य जनप्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
बैठक का उद्देश्य जनपद में चल रही विकास योजनाओं की प्रभावी समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है, ताकि योजनाओं का लाभ आम जनता तक समयबद्ध तरीके से पहुंच सके।
