जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अंशुल सिंह ने विकासखंड हवालबाग के अंतर्गत बल्टा गांव का स्थलीय निरीक्षण कर विभिन्न विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गांव में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति जानी। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए और कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
डीएम ने मार्गीय सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सड़क मार्गों को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए आवश्यक सुधार कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं।
इस दौरान उन्होंने प्रस्तावित खेल मैदान के निर्माण को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली और मौके पर स्थल निरीक्षण करते हुए पीडब्ल्यूडी को शीघ्र आगणन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने क्षेत्र में सब्जी उत्पादन की गतिविधियों की समीक्षा करते हुए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय में वृद्धि की जा सकती है। साथ ही जंगली जानवरों से फसल सुरक्षा के लिए सूअर रोधी दीवार का आगणन तैयार करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों को अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर तहसीलदार सदर ज्योति धपवाल, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम संजीव वर्मा, जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी डी.एन. कांडपाल सहित अन्य विभागीय अधिकारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
