जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 08 अप्रैल 2026 जनपद में लगातार हो रही वर्षा और भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने समस्त उपजिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पूर्ण सतर्कता और तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जनपद में नामित सभी आईआरएस अधिकारी, जनपद स्तरीय अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अपने-अपने मुख्यालयों पर मौजूद रहें और अलर्ट मोड में कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से जेसीबी संचालकों को भी तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के चलते अवरुद्ध मोटर मार्गों को तत्काल खोला जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की आपदा या आकस्मिक घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी बिना किसी देरी के तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि हर छोटी-बड़ी घटना की सूचना तुरंत जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र को उपलब्ध कराई जाए।
आपात स्थिति में सूचना देने के लिए जिला प्रशासन द्वारा दूरभाष नंबर 05962-237874, 05962-237875 तथा मोबाइल नंबर +91 7900433294 जारी किए गए हैं, जिन पर आमजन भी संपर्क कर सकते हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान मौसम परिस्थितियों को देखते हुए सभी विभाग आपसी समन्वय बनाए रखें और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करें। प्रशासन का उद्देश्य है कि किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
