Tue. Apr 14th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखंड

अल्मोड़ा आगामी जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए जनपद में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में प्रगणकों (Enumerators) एवं सुपरवाइजरों के लिए व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह प्रशिक्षण जनपद के सभी नामित चार्ज अधिकारियों के निर्देशन में संपन्न हुआ।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को मकान एवं भवन गणना से संबंधित आवश्यक सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें यह भी बताया गया कि किस प्रकार घर-घर जाकर सूचनाओं का सही और पारदर्शी तरीके से संकलन किया जाए।
कार्यक्रम में निर्धारित प्रपत्रों को सही ढंग से भरने, डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग तथा एकत्रित डेटा की शुद्धता और गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनगणना कार्य पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ किया जाए।
चार्ज अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान किसी भी नागरिक को असुविधा न हो और सभी जानकारी समयबद्ध एवं सटीक रूप से दर्ज की जाए।
प्रशिक्षण सत्र में फील्ड स्तर पर आने वाली संभावित चुनौतियों और उनके समाधान पर भी चर्चा की गई, जिससे कार्य निष्पादन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
जनपद प्रशासन ने सभी प्रशिक्षित प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों से आह्वान किया कि वे अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए जनगणना 2027 को सफल बनाएं और जनपद को सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाएं।