जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
कौसानी, 19 मई। सुमित्रानंदन पंत की 126वीं जयंती के अवसर पर 20 मई 2026 को सुमित्रानंदन पंत वीथिका में भव्य जन्मदिवस समारोह आयोजित किया जाएगा।
प्रभारी निदेशक राजकीय संग्रहालय अल्मोड़ा डॉ. चंद्र सिंह चौहान ने बताया कि समारोह के तहत 19 मई को पंत वीथिका के सभागार में पंत जी के जीवन एवं साहित्य पर आधारित चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से कविवर पंत के व्यक्तित्व और कृतित्व को चित्रों में उकेरा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को 20 मई को आयोजित मुख्य समारोह में सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा।
डॉ. चंद्र सिंह चौहान ने समस्त साहित्य प्रेमियों, विद्यार्थियों और क्षेत्रवासियों से 20 मई को प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होकर समारोह को सफल बनाने की अपील की है।
