Mon. Sep 21st, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल पूर्ण होने पर विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें भावभीनी विदाई दी गई। विश्वविद्यालय सभागार में आयोजित विदाई समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और प्राध्यापकों ने प्रो. बिष्ट का सम्मान करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट किया।
समारोह का शुभारंभ कुलसचिव डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट का कार्यकाल सफल रहा है। उनके कार्यकाल में विश्वविद्यालय में कई महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं, जो लंबे समय तक याद किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से विश्वविद्यालय ने बेहतर स्वरूप हासिल किया है।
पूर्व कुलपति प्रो. जगत सिंह बिष्ट ने कहा कि प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने रचनात्मकता के साथ कार्य करते हुए विश्वविद्यालय को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों के कार्यकाल में विश्वविद्यालय संरचनात्मक रूप से मजबूत हुआ है। इस दौरान शैक्षणिक सत्र नियमित हुए, दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया, प्रशासनिक भवनों का निर्माण हुआ तथा विभिन्न पदों का सृजन किया गया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय परिवार के सभी लोगों के प्रति कुलपति का व्यवहार उत्कृष्ट रहा।
विदाई अवसर पर कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि उनका इस विश्वविद्यालय से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने प्रथम दिन से अंतिम दिन तक विश्वविद्यालय के हित में कार्य करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के उन्नयन के लिए किए गए प्रयासों में वरिष्ठ प्राध्यापकों, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों का सहयोग मिला। सभी के समन्वित प्रयासों से विश्वविद्यालय को बेहतर बनाने की दिशा में काम किया गया।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने क्रीड़ा और अकादमिक क्षेत्र में भी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय उनके लिए पहला विश्वविद्यालय रहा है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि वह विश्वविद्यालय की सेवा के लिए हमेशा उपलब्ध रहेंगे।
इस अवसर पर वित्त अधिकारी अमित कुमार त्रिपाठी, परिसर निदेशक प्रो. प्रवीण सिंह बिष्ट, परीक्षा नियंत्रक प्रो. पंकज कुमार शाह, पूर्व परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुशील कुमार जोशी, पूर्व निदेशक शोध प्रो. मधुलता नयाल, प्रो. अरशद हुसैन, विश्वविद्यालय क्रीड़ा प्रभारी लियाकत अली सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे।
उधर, परिसर के प्राध्यापकों की ओर से भी कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट को विदाई दी गई। इस दौरान प्रो. शेखर चंद्र जोशी, प्रो. एचआर कौशल, डॉ. पीयूष पोखरिया, डॉ. भगतेश्वरी कार्की सहित परिसर के शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।